बदायूँ में मानसून से पहले एक्शन मोड में नगर पालिका, नालों की सफाई के लिए बनीं विशेष टीमें
बदायूं। आगामी मानसून को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा ने शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा के निर्देश पर नगर क्षेत्र के सभी प्रमुख नालों और नालियों की सफाई के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्यों की निगरानी करने के साथ-साथ प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने कहा कि नगरवासियों को वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाना नगर पालिका की प्राथमिकता है। बरसात में नालों और नालियों में जमा सिल्ट एवं कूड़े-कचरे के कारण जल निकासी प्रभावित होती है, जिससे सड़कों और मोहल्लों में पानी भर जाता है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए समय रहते सफाई अभियान को गति दी गई है।नगर पालिका प्रशासन द्वारा गठित टीम ‘ए’ में मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब तथा लिपिक सुमित सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं टीम ‘बी’ में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार और कार्यवाहक सफाईनायक नैनील को शामिल किया गया है। दोनों टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नाला गैंग के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्य कराते हुए निर्धारित समय सीमा से पहले कार्य पूर्ण कराएं।पालिकाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनहित से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मिशन है। अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित रूप से क्षेत्रों का निरीक्षण करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी नाले या नाली में जल निकासी बाधित न हो। जहां भी कोई समस्या सामने आए, उसका तत्काल समाधान कराया जाए ताकि बरसात के दौरान नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका द्वारा सफाई कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। प्रतिदिन प्राप्त होने वाली प्रगति रिपोर्ट के आधार पर कार्यों की समीक्षा होगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही सफाई के दौरान निकलने वाली सिल्ट और कूड़े के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
फात्मा रजा ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त बनाए रखना नगर पालिका की जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आदेशों के पालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नगरवासियों ने भी नगर पालिका की इस पहल का स्वागत किया है। लोगों का मानना है कि यदि मानसून से पहले सभी नालों और नालियों की प्रभावी सफाई हो जाती है तो शहर में जलभराव की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और बरसात के दौरान शहर की जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी।
पालिकाध्यक्ष ने दोहराया कि नगर के सभी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले सभी प्रमुख नाले और नालियां पूरी तरह साफ हो जाएं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और शहर स्वच्छ एवं व्यवस्थित बना रहे। साथ ही जिस जोन में जलभराव होने पर संबंधित टीम के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी ।















































































