नई दिल्ली। भारतीय युवा कांग्रेस के दिल्ली स्थित मुख्यालय में पश्चिम उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस की राज्य कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक को युवा कांग्रेस के प्रभारी मनीष शर्मा, राष्ट्रीय सचिव विशाल चौधरी तथा प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला ने संबोधित किया। बैठक में युवा कांग्रेस द्वारा संचालित “किसान-नौजवान बचाओ यात्रा” के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए संघर्ष, समर्पण और जनसंपर्क अभियान की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि यात्रा के माध्यम से किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया गया है।इस दौरान देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। नेताओं ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में हो रही अनियमितताओं से छात्रों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। बैठक में इन मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आगामी रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में आगामी जुलाई माह में आयोजित होने वाली युवा कांग्रेस की दूसरी “किसान-नौजवान बचाओ यात्रा” की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। यात्रा को अधिक प्रभावी, व्यापक और जनसरोकारों से जोड़ने के लिए कांग्रेसजनों, युवा कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सुझाव आमंत्रित किए गए। अंत में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि संगठन किसानों, नौजवानों, छात्रों एवं आम जनता के मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष करता रहेगा और जनहित से जुड़े प्रश्नों को मजबूती के साथ उठाएगा। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने तथा जनआंदोलनों को धार देने पर भी जोर दिया गया।