बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जनपद बरेली में यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को 19 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जा रही है। जिलाधिकारी ने प्रथम पाली के दौरान पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज तथा तिलक इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित होती पाई गई। जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से परीक्षा कक्षों की निगरानी व्यवस्था भी देखी। सभी कैमरे सुचारु रूप से संचालित पाए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से संबंधित सभी निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए, ताकि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हो सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।