बरेली। मैक्स इंस्टीट्यूट ऑफ कैंसर केयर, वैशाली में बरेली निवासी 52 वर्षीय महिला की रोबोटिक ब्रेस्ट कैंसर सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। सर्जरी के दौरान कैंसरयुक्त ट्यूमर को पूरी तरह हटाने के साथ-साथ ब्रेस्ट रिकंस्ट्रक्शन भी उसी समय किया गया। यह जटिल प्रक्रिया अस्पताल की वरिष्ठ सर्जिकल एवं रोबोटिक ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. सीमा सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई। अस्पताल के अनुसार, मरीज को ब्रेस्ट कैंसर का पता चलने के बाद आधुनिक और कम आक्रामक रोबोटिक सर्जरी का विकल्प चुना गया। इस तकनीक में छोटे चीरे के माध्यम से रोबोटिक उपकरणों की सहायता से अत्यधिक सटीकता के साथ ट्यूमर हटाया जाता है। इससे आसपास के स्वस्थ ऊतकों को कम नुकसान पहुंचता है और रिकवरी अपेक्षाकृत तेज होती है। विशेषज्ञों का कहना है कि रोबोटिक ब्रेस्ट सर्जरी का सबसे बड़ा लाभ यह है कि इसमें कैंसरग्रस्त हिस्से को पूरी तरह निकालने के साथ बेहतर कॉस्मेटिक परिणाम भी संभव होते हैं। साथ ही दर्द कम, रक्तस्राव न्यूनतम और अस्पताल में कम समय तक रुकना पड़ता है। डॉ. सीमा सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में ब्रेस्ट कैंसर उपचार केवल बीमारी हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीज की शारीरिक बनावट, आत्मविश्वास और जीवन गुणवत्ता को बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार रोबोटिक सर्जरी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण विकल्प बनकर उभरी है। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और वह तेजी से स्वास्थ्य लाभ कर रही हैं। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि यह प्रक्रिया अनुभवी सर्जिकल टीम और आधुनिक तकनीक की मदद से सफलतापूर्वक की गई। मैक्स वैशाली उत्तर भारत में रोबोटिक कैंसर सर्जरी, ब्रेस्ट रिकंस्ट्रक्शन और जटिल ऑन्कोलॉजी उपचार के क्षेत्र में उभरते प्रमुख केंद्रों में शामिल है। यहां आधुनिक तकनीक के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मरीजों को उन्नत उपचार सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।