बरेली। शाही थाना क्षेत्र में शादी के दिन बारात जाने से ठीक पहले एक युवक का शव साप्ताहिक बाजार में आम के पेड़ से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। खुशियों से भरे घर में अचानक मातम छा गया। परिवार ने युवक की हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। शाही कस्बे के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी 22 वर्षीय देवेंद्र मौर्य की शादी रिठौरा के उद्धानापुर गांव में तय हुई थी। शनिवार शाम उसकी बारात जानी थी। शुक्रवार को लग्न का कार्यक्रम धूमधाम से सम्पन्न हुआ था और रात में डीजे पर परिवार व रिश्तेदार खुशियां मना रहे थे। डीजे की तेज आवाज पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई तो उसे मुख्य दरवाजे के पास लगा दिया गया। रात करीब दो बजे तक कार्यक्रम चला, जिसके बाद देवेंद्र अपने बहनोई और अन्य रिश्तेदारों के साथ सोने चला गया। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने सूचना दी कि देवेंद्र का शव साप्ताहिक बाजार में आम के पेड़ से लटका हुआ है। परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि शव करीब छह फुट की ऊंचाई पर पतली रस्सी से टहनी में बंधा था और उसके पैर जमीन की ओर मुड़े हुए थे। यह देखकर लोगों ने आत्महत्या की आशंका पर सवाल उठाए। मृतक के पिता रामदास मौर्य ने कहा कि उनके बेटे की किसी से कोई रंजिश नहीं थी और वह आत्महत्या नहीं कर सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि देवेंद्र की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। देवेंद्र दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था और मेहनत मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था। उसके हाथों में मेहंदी लगी थी और दाहिने हाथ में शादी का कंगन भी बंधा था। वह दो दिन पहले ही बरेली से अपनी पसंद का कोट-पैंट खरीदकर लाया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।