बरेली। थाना सिरौली पुलिस ने सट्टा खिलाने के आरोप में एक व्यक्ति को सट्टा पर्चा, डायरी, डॉट पेन और नगद रुपये सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शाम 7:43 बजे उपनिरीक्षक रितु रानी, हेड कांस्टेबल वेदराम और कांस्टेबल निशांत चौधरी कस्बा सिरौली में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध रोकथाम के लिए गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मेन बाजार में पाखड़ के पेड़ के नीचे बैठकर सट्टे की खाई-बाड़ी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आकिल मियां पुत्र इस्लाम निवासी मोहल्ला काजी टोला, कस्बा सिरौली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सट्टा पर्चा, डायरी, डॉट पेन और नगद रुपये बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर थाना सिरौली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।