छावनी परिषद की बोर्ड बैठक में विकास व स्वच्छता पर जोर, कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी
बरेली। छावनी परिषद कार्यालय के नेहरू सभागार में अध्यक्ष ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह, वाई.एस.एम. की अध्यक्षता में एक सामान्य बोर्ड बैठक आयोजित की गई। सांसद लोकसभा छत्रपाल सिंह गंगवार , कैंट विधायक संजीव अग्रवाल मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन (भा.र.सं.से.) एवं नामित सदस्य डॉ. वैभव जायसवाल उपस्थित रहे।बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा एवं निर्णय लिए गए, जिनमें स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु 20 टी पी डी क्षमता के वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की स्थापना, स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत दीवार चित्रण, तथा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को सुदृढ़ करने के प्रस्ताव शामिल रहे।छावनी क्षेत्र में आधारभूत संरचना के विकास हेतु नालों की मरम्मत, सड़कों के सुधार, पेंटिंग कार्य, एवं विभिन्न ई-टेंडर प्रस्तावों पर विचार किया गया। साथ ही बी.आई. बाजार में मल्टी-लेवल पार्किंग निर्माण, जर्जर सुलभ कॉम्प्लेक्सों के ध्वस्तीकरण एवं स्थल समतलीकरण, तथा हरित क्षेत्र विकास से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता दी गई।जनहित से जुड़े निर्णयों में छावनी अस्पताल एवं विद्यालयों के लिए ए.सी., फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की खरीद, अस्पताल प्रशासन को सुदृढ़ करने हेतु अस्पताल प्रशासक की नियुक्ति, तथा कर्मचारियों के लिए ए.सी.पी. योजना के अंतर्गत लाभ प्रदान करने के प्रस्ताव शामिल रहे।पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को ध्यान में रखते हुए वर्षा जल संचयन हेतु तालाब निर्माण, कार्बन सीक्वेस्ट्रेशन अध्ययन, प्लास्टिक अपशिष्ट से पावर ब्लॉक निर्माण इकाई की स्थापना, तथा पी एन जी (PNG ) नेटवर्क को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों पर भी विचार किया गया।इसके अतिरिक्त, नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए डिजिटल पहल जैसे स्मार्ट स्वच्छता मॉनिटरिंग सिस्टम (SMART), सूचना चैटबॉट एवं व्हाट्सएप बॉट लागू करने के प्रस्तावों पर चर्चा की गई, जिससे छावनी निवासियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।बैठक में लिए गए सभी प्रस्तावों एवं विकास कार्यों को छावनी क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक सुविधाओं के उन्नयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।














































































