बरेली। अंबेडकर जयंती के अवसर पर कोतवाली स्थित अंबेडकर पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पीलीभीत के कोऑर्डिनेटर एवं निवर्तमान शहर कांग्रेस बरेली के अध्यक्ष अजय शुक्ला ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। अजय शुक्ला ने सभी नागरिकों को जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉ. अम्बेडकर हमारे देश के महान समाज सुधारकों में से एक थे और भारतीय संविधान के प्रमुख वास्तुकार थे। उनकी दूरदर्शिता ने समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों की दिशा में क्रांतिकारी बदलाव लाए। उन्होंने कहा कि बाबा साहब द्वारा दिया गया संविधान आज भी देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान करता है। इस अवसर पर पारस शुक्ला, जुबैर खान, फिरोज खान, मुन्ने अंसारी, शिवान्श शर्मा, शोबी खान, इश्तयाक अंसारी, अवनीश चौबे सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने डॉ. अम्बेडकर के आदर्शों पर चलने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।