ट्रांसपोर्ट प्रीमियर लीग-3 में उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की टीम बनी उपविजेता, बेंगलुरु में शानदार प्रदर्शन
बदायूँ। सड़क सुरक्षा के प्रति जनसामान्य को जागरूक एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ मोटर व्हीकल टेक्निकल ऑफिसर एसोसिएशन, इंडिया द्वारा कर्नाटक के बेंगलुरु में 10 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित दो दिवसीय “ट्रांसपोर्ट प्रीमियर लीग-3” क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया।इस प्रतियोगिता में देश के 12 राज्यों—केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, उड़ीसा, बिहार, गुजरात, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश—की परिवहन विभाग की टीमों ने भाग लिया। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार यूपी की टीम ने भी प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।उत्तर प्रदेश की टीम ने लीग मैचों से लेकर क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल तक शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र की टीम के साथ रोमांचक मैच खेला गया, जिसमें कड़ी टक्कर देने के बावजूद यूपी टीम उपविजेता रही।टीम का नेतृत्व उप परिवहन आयुक्त श्री रामवृक्ष सोनकर ने कप्तान के रूप में किया, जबकि संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) लखनऊ संजय तिवारी उप कप्तान रहे। टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बदायूँ हरिओम ने निभाई, वहीं बिजनौर के शिव शंकर सिंह उप मैनेजर रहे।खिलाड़ियों में रविकांत यादव, रामबाबू, विकास कुमार, पवन सोनकर, कृष्ण कुमार, कौशल कुमार, अशोक कुमार, चरन सिंह, प्रमोद गौतम, देवेंद्र शुक्ला, अनुभव, शुभम मिश्रा एवं बृजेश ने सराहनीय प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता के समापन पर उत्तर प्रदेश की टीम को कर्नाटक के माननीय परिवहन मंत्री, परिवहन आयुक्त कर्नाटक, उप परिवहन आयुक्त महाराष्ट्र एवं कर्नाटक मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर संघ द्वारा ट्रॉफी, मोमेंटो, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) सेवा संघ के नाम ₹70 हजार का चेक भी पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया गया।














































































