बदायूँ के किड्स बागबान स्कूल में धूमधाम से मना बैसाखी पर्व, बच्चों ने भांगड़ा-गिद्धा से बिखेरा रंग
बदायूँ ।कृष्णा पार्क कॉलोनी में किड्स बागबान प्ले एंड डे बोर्डिंग स्कूल में मंगलवार को बैसाखी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को पारंपरिक अंदाज में सजाया गया, जहां चारों ओर पंजाब की संस्कृति और लोक विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिली।कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पंजाबी लोक परिधानों—कुर्ता-पायजामा और पटियाला सूट—में सजकर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत भांगड़ा और गिद्धा नृत्य कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे, जिसने उपस्थित अभिभावकों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।विद्यालय प्रशासन ने इस मौके पर बच्चों को बैसाखी पर्व के ऐतिहासिक, धार्मिक और कृषि महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि बैसाखी नई फसल के आगमन और खुशहाली का प्रतीक है, जो देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है।इसके साथ ही बच्चों के लिए पोस्टर मेकिंग और कविता पाठ जैसी रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नीलू शर्मा ने सभी बच्चों और अभिभावकों को बैसाखी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी जड़ों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी आवश्यक हैं।इस अवसर पर अरीव, अनमता, व्याख्या, सनाया, देव साहू, माधव चौहान, स्पर्श मिश्रा, प्रथम सूरी, आरोही साहू, सिद्धार्थ सिंह, पार्थवी सिंह, तृप्ति सिंह, तेजसी, राघव, सर्वज्ञ, आरना, शिवांश, सना, मो. श्यान, वृन्दा, रुद्रांश सिंह, अदिति सिंह, आरव साहू, युवांश, एकता साहू, दिव्यांशी सहित अनेक बच्चों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन मिठाई वितरण एवं सामूहिक नृत्य के साथ हुआ। बच्चों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान ने इस उत्सव को और भी यादगार बना दिया।














































































