बरेली । थाना सुभाषनगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 किलोग्राम डोडा छिलका के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत, क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना सुभाषनगर पुलिस टीम ने 13 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर बदायूं रोड स्थित बीडीए गेट से करीब 100 कदम आगे से सर्वेश कश्यप निवासी अंगैसी, थाना अलापुर, जनपद बदायूं को गिरफ्तार किया। उसके पास से 7 किलो डोडा छिलका बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह डोडा छिलका बदायूं से किसी अज्ञात व्यक्ति से लेकर आया था और उसे बरेली में बीडीए गेट के पास किसी अन्य व्यक्ति को सौंपना था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दिल्ली के जीटीबी इन्क्लेव थाने में मुकदमा दर्ज है। इस कार्रवाई में निरीक्षक सतीश कुमार नैन, उप निरीक्षक राजेन्द्र सिरोही, उप निरीक्षक अनुज कुमार, कांस्टेबल गौरव अत्री और कांस्टेबल पारस कुमार शामिल थे।