बरेली। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने देहात क्षेत्र खजुरिया घाट और पहाड़गंज में पहुंचकर हाल ही में हुई बारिश व ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की समस्याएं सुनीं और नुकसान का जायजा लिया।महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बीमा कंपनियां किसानों से वर्षों से प्रीमियम तो वसूल रही हैं, लेकिन आपदा के समय न तो समय पर सर्वे करती हैं और न ही मुआवजा देने में रुचि दिखाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तकनीकी कारणों का हवाला देकर किसानों के दावों को खारिज किया जा रहा है, जो उनके साथ अन्याय है। उन्होंने इसे राज्य सरकार की निगरानी व्यवस्था की विफलता बताते हुए कहा कि सरकार किसानों के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार कर रही है। कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के चलते किसानों की स्थिति बेहद खराब हो गई है और कई परिवार दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह किसानों की समस्याओं की अनदेखी कर अन्य राज्यों के चुनाव में व्यस्त है, जो असंवेदनशीलता को दर्शाता है।कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए, क्योंकि गांवों में शादी-विवाह का सीजन शुरू हो चुका है और आर्थिक संकट उनकी परेशानियों को और बढ़ा रहा है। इस मौके पर पंडित राज शर्मा, रमेश श्रीवास्तव, रेहान बशीरी, डॉ. हरीश गंगवार, जीशान अफरीदी, कैफ खान, पिंटू कुलश्रेष्ठ, रोहित मौर्य, अंकित मौर्य, संनी सिंह, अल्फा सिंह कठेरिया सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।