बरेली । फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव खिरका जगतपुर में आयोजित साप्ताहिक श्रीराम कथा ज्ञानयज्ञ में कथाव्यास आचार्य अवध किशोर शास्त्री ‘सरस’ ने संगीतमय रामकथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा में माता सती द्वारा श्रीराम की परीक्षा, भगवान शिव का त्याग, दक्ष यज्ञ और सती के पुनर्जन्म जैसे प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया गया। आचार्य ने प्रवचन में कहा कि माता-पिता, गुरु और संत की आज्ञा का पालन जीवन में सुख का मार्ग है, जबकि अविश्वास दुख का कारण बनता है। उन्होंने धर्म रक्षा के लिए त्याग की महत्ता पर भी प्रकाश डाला। कथा के दौरान शिव-पार्वती विवाह, कार्तिकेय द्वारा तारकासुर वध जैसे प्रसंगों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य यजमान नत्थूलाल गंगवार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में आरती व प्रसाद वितरण के साथ कथा का समापन हुआ।