बरेली। जिलाधिकारी बरेली अविनाश सिंह ने जिला चिकित्सालय में मरीजों और तीमारदारों की बढ़ती शिकायतों के मद्देनज़र गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के रजिस्ट्रेशन सिस्टम, आपातकालीन वार्ड और विभिन्न विभागों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि कुछ ऐसे लोग अस्पताल में मौजूद थे, जिनके पास पहचान पत्र नहीं थे और जो ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से मरीजों की प्रक्रिया में शामिल थे। उन्होंने कहा कि यह स्थिति आम जनता में भ्रम पैदा कर सकती है और ऐसे तत्वों का फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने सीएमओ और सीएमएस के साथ मिलकर इन लोगों से विस्तृत पूछताछ की और अस्पताल की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। विशेष रूप से सफाई, स्वच्छता और सुरक्षा पर जोर दिया गया ताकि अवांछित तत्वों द्वारा मरीजों और महिलाओं के साथ किसी भी तरह का गलत व्यवहार न हो। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी समय-समय पर पूरे अस्पताल और अन्य सार्वजनिक सेवा केंद्रों सीएचसी, पीएससी का औचक निरीक्षण जारी रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हर दो-ढाई घंटे में निरीक्षण करें और जनता को बेहतर सेवाएं मिलें।