बरेली। प्रांतीय रक्षा दल (पीआरडी) के जवानों ने गुरुवार को विकास भवन स्थित जिला कार्यालय एवं ड्यूटी कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। जवानों का आरोप है कि 1 अप्रैल से उनकी ड्यूटी नहीं लगाई जा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे पीआरडी जवानों ने कहा कि वे लंबे समय से नियमित रूप से ड्यूटी कर रहे हैं, लेकिन अचानक ड्यूटी बंद कर दी गई है। इसको लेकर जवानों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि उनकी ड्यूटी जल्द से जल्द बहाल की जाए और नियमित रूप से लगाई जाए। जवानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आगे भी आंदोलन तेज करेंगे। मौके पर मौजूद अधिकारी कोमल ने जवानों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं पर विचार कर उचित समाधान निकाला जाएगा। प्रदर्शन के दौरान चमन लाल, ओमपाल सिंह, चंद्रभान सिंह, लक्ष्मी नारायण, ओम बाबू सक्सेना , यशपाल सिंह , रामचंद्र , राजवीर , अजय कुमार पाठक , संजीव कुमार , सरफराज , चोखेलाल , वीरपाल , सुदर्शन सिंह , ओंकार सिंह यादव , अशोक बाबू , मूर्ति देवी , धर्मेंद्र , रामसेवक, राम बहादुर , राजेश पाल सिंह आदि मौजूद रहे।