बरेली। नवाबगंज तहसील के ग्राम गंगापुर में डॉ भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। जनहित याचिका सं0 3705/2025 भागीरथ व अन्य बनाम उत्तर प्रदेश सरकार में माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद द्वारा 26 मार्च को दिए गए आदेश के बावजूद ग्रामीणों ने प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले 20 वर्षों से गाटा सं0 50 पर अम्बेडकर जयंती मनाते आ रहे हैं और उनका गाटा सं0 51 से कोई संबंध नहीं है। आरोप है कि 26 जून 2025 की रात कुछ लोगों ने मूर्ति को खंडित कर अपमानजनक कृत्य किए, जिसके बाद थाना नवाबगंज में मुकदमा दर्ज हुआ और छह आरोपी जेल भी गए।प्रार्थीगण ने गाटा सं0 51 पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए सीमांकन (पैमाइश) कराने और कब्जा हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों के बीच वार्ता से समाधान के निर्देश दिए थे, लेकिन 7 अप्रैल को पहुंचे अधिकारियों ने उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया।ग्रामीणों ने समिति में अनुसूचित जाति के अधिकारी को शामिल करने और अम्बेडकर मूर्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।