बदायूँ। उझानी रोड स्थित श्री संकटमोचन बालाजी दरबार में श्री हनुमान जन्मोत्सव एवं 27वें वार्षिक महोत्सव के अवसर पर पिछले छह दिनों से चल रहे धार्मिक कार्यक्रमों का सप्तम दिवस अत्यंत भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान संगीतमय राम कथा, सुंदरकांड पाठ एवं मनोकामना पूर्ति हेतु विघ्न विनाशक श्री बालाजी महाराज का विशेष यज्ञ आयोजित किया गया। सप्तम दिवस पर श्री बालाजी महाराज के 56 भोग दर्शन, आकर्षक श्रृंगार दर्शन एवं भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। महाआरती के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मान्यता है कि इस दिन महाआरती के दर्शन मात्र से ही श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और सभी संकट दूर हो जाते हैं। महाआरती के उपरांत बाबा का विशाल भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। दरबार में अपार जनसमूह उमड़ा और देर शाम तक भंडारे का सिलसिला चलता रहा। सायंकालीन सत्र में भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें पं. प्रवीण भारद्वाज ने सुंदर भजन और बधाई गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक भक्तगण भक्ति रस में सराबोर होकर कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। इस अवसर पर श्री संकटमोचन बालाजी दरबार समिति एवं श्री बालाजी सेवार्थ समिति के सभी सदस्यगण उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।