बरेली। बुधवार को स्वच्छ भारत मिशन टीम द्वारा वार्ड संख्या 07, मेहता द्वार (मैप कॉलोनी) में कचरा पृथक्करण (सेग्रीगेशन) को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने घर-घर जाकर लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया।अभियान के तहत नागरिकों को प्रत्येक घर में दो डस्टबिन रखने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही होम कम्पोस्टिंग की प्रक्रिया समझाते हुए गीले कचरे से जैविक खाद बनाने के लाभों की जानकारी दी गई।छावनी परिषद की ओर से एएसआई राजेश कुमार एवं सफाई कर्मचारियों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। टीम ने लोगों से अपील की कि वे घर का कचरा पृथक कर ही डोर-टू-डोर कलेक्शन गाड़ी को दें और खुले में कचरा न फेंकें।अभियान का उद्देश्य क्षेत्र को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाना है। इस पहल से क्षेत्रवासियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।