बरेली। केसीएमटी कॉलेज, बरेली में जल जीवन मिशन के अंतर्गत आयोजित “जल महोत्सव 2026” के अवसर पर “जल है तो कल है – जल संरक्षण में युवाओं की भूमिका” विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम में महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय से इंटर्नशिप हेतु आए एमएड विद्यार्थी एवं महाविद्यालय के एनएसएस विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा युवाओं की भूमिका को सशक्त बनाना था। प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए जल संरक्षण के महत्व, वर्तमान जल संकट तथा इसके समाधान में युवाओं की भूमिका पर प्रभावशाली वक्तव्य दिए। इस अवसर पर महाविद्यालय के महानिदेशक डॉ. अमरेश एवं प्राचार्य डॉ.आर.के. सिंह ने कहा कि जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित किया कि वे जल बचाने के प्रति जागरूक रहें और समाज में भी इसके प्रति संदेश फैलाएं। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सविता सक्सेना के निर्देशन में किया गया । इस कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. कल्पना कटियार, डॉ. शिव स्वरूप शर्मा, रितेश एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रवक्ता रितेश के द्वारा किया गया। तथा यह संकल्प लिया गया कि जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे।