बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली द्वारा गुरुवार को पुलिस कार्यालय परिसर में उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्थान के नवनिर्मित कक्ष का उद्घाटन किया गया। इस कक्ष की स्थापना का उद्देश्य सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और पेंशनर्स को एक ऐसा स्थान उपलब्ध कराना है, जहां वे बैठकर आपसी संवाद कर सकें और अपनी समस्याएं व सुझाव प्रशासन तक आसानी से पहुंचा सकें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) अंशिका वर्मा तथा अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कार्यालय सोनाली मिश्रा ने फीता काटकर कक्ष का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस पेंशनर्स के साथ गोष्ठी भी आयोजित की गई, जिसमें उनकी समस्याओं, सुझावों और अनुभवों को सुना गया। साथ ही सभी को मिष्ठान भी वितरित किया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी पुलिस परिवार के अभिन्न अंग हैं और उनके अनुभव विभाग के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद बरेली पुलिस पेंशनर्स की सुविधाओं और समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेगी।कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्थान से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।