सैनरा वैश्य ने अपना जन्मदिन सामाजिक दिवस के रूप में मनाया
गर्भवती महिलाओं को मेडिकल उपकरण व सामान उपलब्ध कराया
गोद लिए सरकारी अस्पताल को प्रसुताओं को उपयोगी बनाया
बच्चों के लिए लगाया मेला और बच्चों संग काटा केक
उसहैत। नगर पंचायत की चेयरमैन सैनरा वैश्य ने आज अपना जन्मदिन राजनीतिक लोगों और अन्य लोगों से हट कर मनाया। उन्होंने अपने जन्म का दिन सामाजिक कार्यों विशेषकर गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए समर्पित किया। गोद लिए नवीन स्वास्थ्य केंद्र को अपने प्रयासों से प्रसुताओं के लिए उपयोगी बनाया। इसके लिए उन्होंने मेडिकल उपकरण और अन्य सामान उपलब्ध कराया। साथ ही कस्बे में बच्चों के लिए आकर्षक बाल मेला लगाया तथा बच्चों के साथ ही केक काट कर जन्मदिन मनाया।
नगर पंचायत की चेयरमैन सैनरा वैश्य लीक से हट कर काम करने के लिए पहचानी जाती हैं। वह राजनीतिक होते हुए भी समाजसेविका के रूप में कार्य करने में यकीन रखती हैं। महिलाओं और बच्चों के लिए हमेशा उनकी अग्रणी भूमिका रही है। इसीलिए आज उन्होंने अपना जन्मदिन सामाजिक कार्यों विशेषकर गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए समर्पित कर दिया।
चेयरमैन सैनरा वैश्य नवीन स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिलाओं को सुविधाएं नहीं मिलने और दिक्कतें होने पर काफी समय से चिंतित थीं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की मदद का बीड़ा उठाया था। इसीलिए उन्होंने पिछले दिनों इस नवीन स्वास्थ्य केंद्र को गोद लिया। आज जन्मदिन के मौके पर उन्होंने पूर्व में गोद लिए गए नवीन स्वास्थ्य केंद्र पर गर्भवती महिलाओं के लिए शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए वाटर आरओ,अलमारी,सीलिंग फैन, स्टूल,प्रसूताओं के लिए बेड,नवजात शिशु को रेडियंट वार्मर एवं लेबर डिलीवरी टेबल उपलब्ध कराई। खुद प्रयास करके अस्पताल की बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराई।

उन्होंने कस्बे के अस्थल मंदिर पर मलिन बस्ती और गरीब बच्चों के लिए शहर की तर्ज पर बाल मेला लगाया। इस मेले में मिक्की माउस, अन्य खेल उपकरण,तमाशे, फास्टफूड्स, आइस्क्रीम समेत तमाम तरह के स्टाल लगवाए। क्षेत्र के मलिन बस्ती और गरीब बच्चों ने मुफ्त में मेले का जमकर लुफ्त उठाया। चेयरमैन सैनरा वैश्य ने बच्चों के साथ ही केक काटा और उन्हीं के साथ अपना जन्मदिन मनाया। उन्होंने कहा बच्चों की खुशी में ही उनकी खुशी है। गर्भवती महिलाओं का नवजात शिशु के जन्म के साथ नया जन्म होता है। इसलिए गर्भवती महिलाओं के लिए चिकित्सीय सुविधाएं बहुत जरूरी हैं।













































































