सहसवान। डीपी महाविद्यालय में स्थापना का एक दशक पूरा होने पर विद्यालय में 110 फिट ऊंचा तिरंगा स्थापित किया जाएगा। महाविद्यालय के शिक्षा निदेशक डा0 एमके सोलंकी ने बताया कि संस्था के संस्थापक पूर्व मंत्री एवं सांसद डीपी यादव ने अपने जन्मदिवस पर 25 जुलाई 2021 को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में क्षेत्र का सबसे ऊंचा (आधार सहित 110 फुट) राष्ट्रीय ध्वज 15 अगस्त को महाविद्यालय परिसर में स्थापित कराने का संकल्प लिया। 75 वें स्वतन्त्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर विशाल तिरंगा का लोकार्पण किया जा रहा है। डॉ सोलंकी ने कहा कि राष्ट्र प्रेम के बिना व्यक्ति की शिक्षा एक सूखे हुए वृक्ष की भांति होती है जो शीघ्र ही अपना अस्तित्व समाप्त कर देता है। उन्होंने बताया कि डी॰पी॰ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में इस वर्ष से क्षेत्रीय विद्यार्थियों की लंबे समय से की जा रही मांग को पूरा करते हुए उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज से संचालित दूरस्थ शिक्षा के अध्ययन केंद्र की स्थापना भी इसी सत्र से की जा रही है।