बरेली। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने सोमवार को एक राजस्व लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी महेश कुमार पुत्र स्वामीदीन, मूल निवासी ग्राम बसहरी थाना मटौध जनपद बांदा तथा वर्तमान में सिविल लाइंस बरेली में किराये के मकान में रह रहा था और तहसील सदर में राजस्व लेखपाल के पद पर तैनात था। शिकायतकर्ता भारतेन्द सिंह सोनकर निवासी सुभाषनगर ने आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी के हैसियत प्रमाण पत्र पर रिपोर्ट लगाने के एवज में लेखपाल महेश कुमार 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। इसकी शिकायत उन्होंने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से की। शिकायत की पुष्टि होने पर प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। सोमवार शाम करीब 5:31 बजे रोजगार कार्यालय बरेली के मुख्य द्वार के पास आरोपी को रिश्वत की रकम लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया गया। टीम ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने लोगों से अपील की है कि रिश्वत संबंधी शिकायत होने पर संगठन से संपर्क करे।