बरेली। सामाजिक संस्था अमृत सेवा संकल्प द्वारा वार्षिक कार्यक्रम “शक्ति सम्मान 2026” का आयोजन 11 मार्च को दोपहर 3 बजे से आईएमए कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम तथा उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे रहेंगी। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि अमृत सेवा संकल्प वर्ष 2025 में स्थापित एक पंजीकृत सामाजिक संस्था है, जो समाज के वंचित वर्गों और संघर्षरत लोगों को सहयोग देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करती है। संस्था विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय है। कार्यक्रम के अंतर्गत उन मेहनती और संघर्षशील महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा, जो अपने परिवार के पालन-पोषण के लिए निरंतर परिश्रम कर रही हैं, लेकिन समाज में उन्हें उचित पहचान नहीं मिल पाई है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन द्वारा अंकिता भाटिया को महिला इकाई के महानगर अध्यक्ष के रूप में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित करना है।