बरेली। थाना आंवला पुलिस ने होली पर्व के अवसर पर मानवीय पहल करते हुए कस्बा आंवला स्थित वृद्धाश्रम और मानसिक मंदित आश्रय गृह के बुजुर्गों व मूकबधिरों के साथ रंगोत्सव मनाया। गुरुवार को थाना आंवला के प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ ने वृद्धाश्रम व मानसिक मंदित आश्रय गृह से बुजुर्गों और मूकबधिरों को सम्मानपूर्वक वाहन से थाना परिसर बुलवाया। यहां सभी के साथ गुलाल और रंग लगाकर होली मनाई गई तथा प्रसाद, फल, मिष्ठान और उपहार भेंट किए गए। इसके साथ ही सभी को भोजन भी कराया गया। कार्यक्रम के उपरांत बुजुर्गों व अन्य लोगों को पुलिस द्वारा सम्मानपूर्वक वाहन से वापस वृद्धाश्रम और आश्रय गृह पहुंचाया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी आंवला सहित थाना आंवला का समस्त पुलिस बल व अन्य सम्मानित सदस्य मौजूद रहे।