संविलित विद्यालय यूसुफनगर में वार्षिक उत्सव व विज्ञान दिवस धूमधाम से मनाया
बदायूं । जनपद के विकास क्षेत्र सालारपुर में स्थित संविलित विद्यालय यूसुफनगर में आज वार्षिक उत्सव एवं विज्ञान दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री सौरभ सिंह जी (ARP गणित) एवं प्रधानाध्यापक श्री गेंदन लाल जी द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर ARP महोदय ने विज्ञान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में विज्ञान की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। वहीं प्रधानाध्यापक श्री गेंदन लाल जी ने बच्चों को महान वैज्ञानिक सी. वी. रमन एवं राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान छात्र विनय एवं छात्रा झलक ने “विज्ञान हमारे जीवन एवं प्रकृति में क्या महत्व रखता है” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए, जिसे उपस्थित अतिथियों ने सराहा। इसके पश्चात मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यालय के छात्र मोहित ने चक्का फेंक प्रतियोगिता में मंडल स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं ब्लॉक स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में छात्र विनय ने ब्लॉक स्तर पर सर्वाधिक अंक प्राप्त किए तथा पलक सिंह का चयन ब्लॉक टॉप-10 में हुआ। इसके अलावा छात्रा मीनाक्षी का चयन जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के लिए किया गया। इन सभी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अन्य छात्रों को भी प्रेरित करना रहा, ताकि वे भी भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें। इस अवसर पर प्रधानपति मोहम्मद सलीम, सहित विद्यालय स्टाफ उर्मिलेश, कुमार, मोहम्मद जाकिर, अंकुर कुमार, अनुप्रिया, इरशाद हुसैन एवं मोहम्मद अनवर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में विज्ञान की भूमिका को आत्मसात करने के संकल्प के साथ किया गया।













































































