शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर एवं विद्या मन्दिर इंटर कालेज में होली उत्सव धूमधाम से मनाया
बदायूँ। विद्या भारती विद्यालय शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर एवं विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज सिविल लाइन्स बदायूँ में होली का पर्व बहुत ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर भैया बहिनों ने होली गीत एवं नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किये। वहीं शिक्षक आचार्यों ने होली के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का प्रारंभ माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम के अध्यक्ष लालाराम वर्मा, मुख्य वक्ता सुबोध मिश्रा एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार, प्रधानाचार्य वेदरत्न शर्मा ने माँ सरस्वती के समक्ष पुष्पार्चन के साथ ही गुलाल लगाकर कार्यक्रम को गति प्रदान की। विद्यालय के भैया-बहिनों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए एवं होली के पर्व के विषय में विचार प्रस्तुत किये। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुबोध मिश्रा ने होली के त्यौहार को एकता और प्रेम का प्रतीक बताते हुए कहा कि होली पर हमें सभी भेदभाव को भुलाकर प्रेम और सौहार्द का संदेश देना चाहिए। वहीं विद्यालय की आचार्या कु. आयुषी जी ने अपनी मधुर आवाज में होली गीत सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने सभी को होली की शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कहा कि होली पर सभी लोग हर्बल रंगों का प्रयोग करें और केमिकल से बने रंगों से दूर रहें क्योंकि यह त्वचा के लिए हानिकारक होते हैं।
अन्त में कार्यक्रम के अध्यक्ष लालाराम वर्मा ने सभी को आशीर्वचन प्रदान करते हुए संदेश दिया कि इस समय परीक्षाओं का समय है, अतः भैया बहिन अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। होली पर बने हुए पकवान सीमित मात्रा में खाएं और और स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए परीक्षा की तैयारी करते रहे। शिव देवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वेदरत्न शर्मा ने सभी भैया बहिनों को होली को भाईचारे और प्रेम से मनाने पर बल दिया, कहा कि भक्त प्रहलाद की तरह भगवान पर विश्वास करते हुए सत्मार्ग पर चलें तो हिरण्यकश्यप जैसे राक्षस भी हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में सभी भैया बहिनों ने एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाया और जमकर होली खेली। दोनों विद्यालय शिशु मन्दिर एवं विद्या मन्दिर के स्टाॅफ ने एक साथ सौहार्द से एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाकर एकता का संदेश देते हुए गले मिलकर एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। अंत में भैया बहिनों ने होली गीतों के साथ जमकर डांस किया। पूरे विद्यालय में होली का वातावरण छा गया।
विद्यालय के व्यवस्थापक नवनीत प्रताप सिंह, अध्यक्ष अमृतपाल सिंह एवं कोषाध्यक्ष राजीव नारायण रायजादा सहित समस्त प्रबंध समिति ने विद्यालय परिवार को होली की शुभकामनाएं प्रदान कीं। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य कौशल किशोर पाठक ने किया।













































































