बरेली। शहर के बारादरी थाना परिसर में मंगलवार देर रात एक डिलीवरी बॉय द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने से हड़कंप मच गया। युवक ने थाना गेट पर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार फतेहगंज पश्चिमी नगर पंचायत निवासी 32 वर्षीय अक्षय कुमार कश्यप पुत्र देवकी नंदन शहर में कोतवाली क्षेत्र के पीछे किराए के मकान में रहकर डिलीवरी का काम करता है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात गंगापुर क्षेत्र में डिलीवरी के दौरान उसकी बाइक एक दुकान के बाहर खड़ी थी। आरोप है कि संजय नगर निवासी विकास सागर बाइक लेकर भागने लगा और इस दौरान एक युवक को टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई थी। अक्षय का कहना है कि वह कई दिनों से अपनी बाइक लेने के लिए थाने के चक्कर लगा रहा था, लेकिन वाहन वापस नहीं मिला। बाइक न मिलने से उसका काम प्रभावित हो रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी तनाव में उसने यह कदम उठाया। बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि बाइक थाने में सुरक्षित खड़ी है। मामले में शिकायत आने की स्थिति में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।