डीएम ने एसआईआर के सम्बंध में की बैठक10 अप्रैल को होगा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन, 06 मार्च तक करें आवेदन
बदायूँ । जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के सम्बंध में आहूत बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियाँ प्रस्तुत करने की अवधि आगामी 06 मार्च 2026 (शुक्रवार) तक निर्धारित की गई है। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 (शुक्रवार) को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मा0 भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशों के क्रम में अहर्ता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जनपद की समस्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के पूर्व में घोषित कार्यक्रम को संशोधित किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियाँ प्रस्तुत करने की अवधि गत 06 जनवरी 2026 (मंगलवार) से आगामी 06 मार्च 2026 (शुक्रवार) तक निर्धारित की गई है। सूचना चरण के अंतर्गत सूचना जारी करना, सुनवाई, सत्यापन, गणना प्रपत्रों पर निर्णय तथा दावे-आपत्तियों का निस्तारण गत 06 जनवरी 2026 (मंगलवार) से आगामी 27 मार्च 2026 (शनिवार) तक एक साथ संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 (शुक्रवार) को किया जाएगा। उन्होंने जनपद के समस्त जनमानस से अपेक्षा की है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम का लाभ लेते हुए अपने एवं अपने परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराकर सक्रिय सहभागिता निभाएं और इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक कार्य में सहयोग प्रदान करें। इस अवसर पर सम्बंधित अधिकारी व मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों आदि मौजूद रहे।













































































