बरेली। साहित्यिक संस्था- कवि गोष्ठी आयोजन समिति के तत्वावधान में समाजसेवी योगेश जौहरी के संयोजन में स्थानीय पांचालपुरी में पुलवामा के वीर शहीदों की स्मृति में कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता साहित्यकार रणधीर प्रसाद गौड़ ‘धीर’ ने की एवं मुख्य अतिथि मशहूर शायर रामकुमार ‘अफरोज’ रहे। माँ शारदे के चित्र पर माल्यार्पण से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मां वाणी की वंदना पूनम गंगवार ने प्रस्तुत की। गीतकार उपमेंद्र सक्सेना एडवोकेट ने अपनी रचना के माध्यम से अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि- पुलवामा के वीर शहीदों, ऋणी तुम्हारा हिंदुस्तान गर्व हमें उन माताओं पर, जिन्होंने जन्में ऐसे लाल। डॉ. अखिलेश गुप्ता ने अपनी रचना प्रस्तुत करते हुए कहा कि- भारत माँ के बेटे थे वे, हमें प्राण से प्यारे थे पुलवामा में चालिस सैनिक, घात लगाकर मारे थे। रणधीर प्रसाद गौड़ धीर ने अपनी रचना पढ़ते हुए कहा कि- देश माँगता लहू आज मर्दानों का उठो समय आ गया आज बलिदानों का। कवि गोष्ठी में कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से पुलवामा के अमर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए ओजस्वी काव्य पाठ किया और देश प्रेम का संदेश दिया। कार्यक्रम में दीपक मुखर्जी ‘दीप’ अमित मनोज, पूनम गंगवार , राजकुमार अग्रवाल राज राज, संध्या श्रीवास्तव स्नेहा, आसमां खान, अभिषेक, डॉ अखिलेश गुप्ता, रजत कुमार, रीतेश साहनी आदि उपस्थित रहे कार्यक्रम का संचालन मनोज दीक्षित टिंकू ने किया।