एमआर अभियान को सफल बनाने के लिए पार्षदों संग बैठक आयोजित
बरेली। जनपद में पांच से 10 वर्ष की आयु के बच्चों को मीजल्स-रूबेला (एमआर) संक्रमण से बचाव के लिए फरवरी माह में एमआर टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर निगम सभागार में पार्षदों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए उप सभापति श्री सर्वेश ने कहा कि मीजल्स-रूबेला जैसी संक्रामक बीमारियों से बच्चों को बचाना समाज के हर वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी पार्षद कमर कस लें और अपने-अपने वार्डों में अभियान को लेकर व्यापक जनजागरूकता फैलाएं, ताकि अभियान के दौरान शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि कक्षा एक से पांच में अध्ययनरत, अर्थात पांच से 10 वर्ष आयु वर्ग के 484679 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनपद के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में संचालित किया जाएगा। सीऍमओ डॉ विश्राम सिंह ने जानकारी दी कि जनपद में वर्ष 2025 में मीजल्स के 14 तथा रूबेला के 3 मामले सामने आए थे, जबकि इस वर्ष अब तक मीजल्स के 4 और रूबेला का 1 मामला चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि बच्चों को 12 जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए नियमित टीकाकरण किया जाता है, जिनमें खसरा (मीजल्स) एवं रूबेला भी शामिल हैं। यह रोग अत्यंत संक्रामक है और खांसने, छींकने, गले व नाक के स्राव तथा परस्पर संपर्क के माध्यम से फैलता है। एमआर का टीका एक ही शॉट में दोनों बीमारियों से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है। इस मौके पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ भानु प्रकाश, डॉ अजमेर सिंह, नोडल अर्बन, डॉ. नैन सिंह, उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. पी.वी. कौशिक, एसएमओ – डब्ल्यूएचओ इरशाद हसन खान, डीएमसी यूनिसेफ, रजनी त्यागी, पीओ जेएसआई, डी सी शमीम खान और नुरुल निशा सहित लगभग 55 पार्षद व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।













































































