बदायूँ में 18 फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा की
बदायूँ। 18 फरवरी से 12 मार्च के मध्य संचालित होने वाली बोर्ड परीक्षा वर्ष-2026 की तैयारियों के सम्बंध में डायट ऑडिटोरियम में आहूत बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अवनीश राय ने कहा कि बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन, सूचितापूर्ण व पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराना शासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी, केन्द्र व्यवस्थापक व मजिस्ट्रेट बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से सफलतापूर्वक आयोजित कराना सुनिश्चित करें तथा परिषद के निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराएं।

उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा वर्ष-2026 हेतु 98 परीक्षा केन्द्रों पर एक-एक केन्द्र व्यवस्थापक एवं बाह्य केन्द्र व्यवस्थापक की नियुक्ति की गई है। नियुक्त किए गए बाहय केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि वह आवंटित परीक्षा केन्द्र पर तत्काल पहुँचकर दोनों ओर वायस रिकार्डरयुक्त सीसीटीवी कैमरा, प्रधानाचार्य कक्ष से अलग डबल लॉक युक्त कमरा जिसमें 04 डबल लॉक युक्त अलमारी होना अनिवार्य हैं तथा कमरें के अन्दर तथा गेट के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगा हो, डीवीआर की 30 दिन की रिकार्डिंग सहित स्वच्छ पेयजल, बालक/बालिका अलग-2 शौचालय की व्यवस्था, पर्याप्त फर्नीचर आदि की व्यवस्था कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी बाह्य केन्द्र व्यवस्थापक के द्वारा किसी भी प्रकार की लापरवाही बरती जाती है, तो उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी, जिन प्रधानाचार्यां, प्रवक्ता, सहायक अध्यापकों के पाल्य परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा दे रहे हों वे कदापि केन्द्र व्यवस्थापक/बाड्य केन्द्र व्यवस्थापक का पदभार ग्रहण नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि शिक्षा निदेशक के निर्देशों के क्रम में प्रयोगात्मक परीक्षा वर्ष 2028 एवं हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट परीक्षा को नकलविहीन, शुचिता पूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने, बोर्ड परीक्षा के केन्द्रों के निरीक्षण, अनुश्रयन हेतु 06 सचल दलों का गठन किया गया है। सचल दल प्रभारियों व सदस्यों से अपेक्षा की जाती है कि 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक सम्पन्न होने वाली परिषदीय परीक्षा वर्ष 2026 के परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करना सुनिश्चित करें।













































































