बरेली। राज्य महिला आयोग, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण संगम एवं सम्मान समारोह का आयोजन स्मार्ट सिटी पं. राधेश्याम कथावाचक सभागार में किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक, खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस एवं विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 31 अधिकारी सहित कुल 514 महिलाओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्या पुष्पा पाण्डेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाएं आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। राज्य महिला आयोग महिलाओं के साथ हर समय खड़ा है और अब ब्लॉक स्तर पर भी महिलाओं की समस्याएं सुनी जा रही हैं, जिससे पीड़ित महिलाओं को लखनऊ के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक कदम है। विशिष्ट अतिथि आईपीएस सोनाली मिश्रा ने कहा कि यह सम्मान समारोह महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और महिला सशक्तिकरण की दिशा में उत्तर प्रदेश पुलिस भी प्रभावी कार्य कर रही है। सीईओ कैंट डॉ. तनु जैन ने आयोग के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे महिलाओं के लिए वरदान बताया। उद्यमी रीता सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं में ऊर्जा और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की महिला प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। संचालन संतोष पाण्डेय एवं डॉ. नेहा यादव ने संयुक्त रूप से किया।