बदायूँ नगर पालिका में गणतंत्र दिवस पर कवि सम्मेलन औऱ मुशायरा हुआ
बदायूँ।।नगर पालिका के प्रांगण में 77वे गणतंत्र दिवस की संध्या पर कवि सम्मेलन व मुशायरे का आयोजन किया गया ।जिसकी अध्यक्षता आशा राठौर ने की। कार्यक्रम में साहित्यकारों ने देश की आन-बान-शान, राष्ट्रीय एकता को समर्पित अपनी रचनाओं द्वारा अमर शहीदों को याद किया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रसिद्ध कवियत्री सरिता चौहान द्वारा माँ सरस्वती की वंदना से हुआ। नाते पाक वरिष्ठ शायर मु० सगीर ने प्रस्तुत की।
आयोजक नगर पालिका परिषद द्वारा सभी साहित्यकारों को उपहार देकर व माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ शायर मुजाहिद नाज़ ने पढ़ा–
है ख़ौफ पाक में सिन्दूर आपरेशन का
ये तेरे शस्त्र, तिरा हर जवान ज़िन्दाबाद
संयोजक साहित्यकार अशोक खुराना ने अमर शहीदों को याद करते हुए कहा —
भूल गए निज हित सभी, बात रखी यह याद
एक यही बस चाह थी, देश रहे आज़ाद
नासिर बदायूँनी ने पढ़ा–
दस्तूरे हिन्द दोस्ती का देता है पयाम
दस्तूरे हिन्द इसलिए सबको अज़ीज़ है
वरिष्ठ कवि कामेश पाठक ने पढ़ा–
जिसकी पुनीत पावन धरती को नमन करे संसार
सबसे प्यारा देश हमारा है जन्नत का द्वार
शैलेन्द्र देव मिश्र ने पढ़ा–
तिरंगा शान से लहरा रहा है,
अमन का रंग ये फैला रहा है,
बड़ी कुर्बानियों से दिन है आया,
हमें ये गर्व से समझा रहा है।
डॉ० अरविन्द धवल ने पढ़ा–
नदियों को, सागरों को, वनों फूल कलियों को
हिन्द के निवासियों को, माटी को प्रणाम है।
कवियत्री सरिता सिंह ने पढ़ा–
कर्म के फल विफल नहीं होते
सब मनोरथ सुफल नहीं होते
जानकी वन अगर न जाती तो
प्रश्न दुनिया के हल नहीं होते
कवि सुनील समर्थ ने पढ़ा–
बढ़े परस्पर प्रीति उर, घटें सकल षडयंत्र।
ईश्वर से है कामना अमर रहे गणतंत्र।।
जयवीर चन्द्रवंशी ने पढ़ा–
केसरिया, नीला, हरा, मिले श्वेत ध्वज रंग।
आजादी की जंग में, लडे़ सभी थे संग।।
प्रोफेसर मनवीर सिंह ने देश-प्रेम से ओतप्रोत अपनी गद्यात्मक पंक्तियों द्वारा सदन को भाव विभोर कर दिया। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन सुनील समर्थ तथा नासिर बदायूनी ने किया।
इनके अतिरिक्त डॉ० गीतम सिंह, वरिष्ठ कवियत्री कमला माहेश्वरी, आकाश पाठक, जयवीर चन्द्रवंशी, हैदर अली, ललतेश ललित व उज्जवल वशिष्ठ ने भी काव्यपाठ किया। वीरपाल सिंह वीर ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यालय अधीक्षक सूर्यप्रकाश सक्सेना, रजनेश कुमार, मो० इमरान, नारायण दत्त शर्मा तथा गजेन्द्र सिंह के साथ-साथ अमरपाल सिंह राठौर सभासद अरविन्द सिंह राठौर एवं सभासद मुकेश कुमार साहू तथा अन्य श्रोतागण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।













































































