सपा सांसद आदित्य यादव ने कहा भाजपा वोट डालने का अधिकार खत्म करना चाहती
बदायूँ। सपा सांसद आदित्य यादव ने मंगलवार को बिसौली विधानसभा क्षेत्र का व्यापक दौरा किया। इस दौरान बिसौली स्थित बुद्धा उपवन धर्मशाला में आयोजित समाजवादी बी.एल.ए. (BLA) एवं पी.डी.ए. (PDA) प्रहरी संगठनात्मक सम्मेलन में वह मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। सम्मेलन में बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, बी.एल.ए. कार्यकर्ता, पी.डी.ए. प्रहरी एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद आदित्य यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार आपका और हमारा वोट काटकर हमारे वोट डालने के अधिकार को खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम काटना, भ्रम फैलाना और गरीब-पिछड़े वर्ग को वोट से दूर रखना भाजपा की सोची-समझी रणनीति है। उन्होंने कहा वोट लोकतंत्र की ताकत है और जब वोट ही छीन लिया जाएगा तो जनता की आवाज भी दबा दी जाएगी। सपा सांसद ने कहा कि ऐसे समय में बूथ अध्यक्ष और बी.एल.ए. साथियों की जिम्मेदारी सबसे ज्यादा बढ़ जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बी.एल.ए. समाजवादी पार्टी की रीढ़ की हड्डी है और वही बूथ स्तर पर लोकतंत्र की रक्षा कर सकता है। उन्होंने सभी बी.एल.ए. और बूथ अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे मतदाता सूची की नियमित जांच करें और किसी भी प्रकार की वोट कटौती की साजिश को सफल न होने दें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हर बूथ पर जाकर वोट बनवाना, नाम कटने से बचाना और लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना आज की सबसे बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विशेषकर पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के वोट को कमजोर करना चाहती है, लेकिन समाजवादी पार्टी ऐसा नहीं होने देगी। पी.डी.ए. (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की एकता पर बल देते हुए सांसद आदित्य यादव ने कहा कि संविधान को बचाने और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पी.डी.ए. की एकजुटता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही सामाजिक न्याय और बराबरी की सच्ची लड़ाई लड़ रही है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने सम्मेलन में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव जी के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाई जाएगी, जिससे प्रदेश का चहुमुखी विकास होगा और जनता को उसका अधिकार मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान आशीष यादव, पूर्व विधायक आर.के. शर्मा, फखरे अहमद शोबी, खजाना देवी, अमित मथुरिया, सतीश प्रेमी, सुरेंद्र सागर, महेंद्र प्रताप, राकेश प्रजापति, दिनेश भट्ट, आस मोहम्मद, शाहनवाज खान, संतोष कश्यप, राजेंद्र गुरु, चंद्रकेश यादव, डॉ. तारिक, मेहरवान खान, सुरेंद्र यादव सहित अनेक प्रमुख नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













































































