बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुँवर रंजीत सिंह इंटर कॉलेज, नगरिया परीक्षित (इज्जतनगर) तथा दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज, रिठौरा पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, अभ्यर्थियों की सघन तलाशी तथा प्रवेश प्रक्रिया की गहन जांच की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ सम्पन्न कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था पूरी तरह बनाए रखी जाए और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, उपजिलाधिकारी नवाबगंज उदित पवार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।