बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शनिवार को पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिशप मंडल इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज और साहू गोपीनाथ इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षार्थी शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देते हुए पाए गए। जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम के माध्यम से भी परीक्षा कक्षों की निगरानी की, जहां सभी सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित पाए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा से संबंधित सभी निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूरी शुचिता, पारदर्शिता और नकलविहीन वातावरण में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।