बरेली। घर से नाराज होकर ट्रेन से दिल्ली जा रही एक युवती को पुलिस की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर लिया। जानकारी के अनुसार 14 मार्च को रात्रि लगभग 11 बजे ग्राम देईपुर निवासी राहुल जूलर्स ने सीयूजी नंबर पर सूचना दी कि उनकी पोती घर से नाराज होकर ट्रेन संख्या 14007 श्रमिक एक्सप्रेस (रक्सौल-आनंद विहार) से दिल्ली की ओर जा रही है और उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ने मिशन शक्ति टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक बिहारीलाल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मिशन शक्ति टीम ने तत्काल रेलवे स्टेशन से संपर्क कर ट्रेन की जानकारी प्राप्त की और स्टेशन मास्टर के सहयोग से ट्रेन में तलाश की। कुछ समय बाद ट्रेन में युवती को सकुशल अवस्था में ढूंढ लिया गया। युवती को महिला कांस्टेबल चंचल शर्मा की निगरानी में थाने लाया गया और उसके परिजनों को सुरक्षित बरामदगी की सूचना दी गई। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह घर में नाराज होकर वाराणसी जाने के लिए ट्रेन में बैठ गई थी। बाद में युवती को महिला कांस्टेबल चंचल शर्मा और महिला कांस्टेबल शीतल देवी की निगरानी में मिशन शक्ति कक्ष में सुरक्षित रखा गया। 15 मार्च 2026 को परिजनों के थाने पहुंचने पर युवती को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने बेटी को सुरक्षित मिलने पर पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए मिशन शक्ति टीम की तत्परता की सराहना की। मिशन शक्ति पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बिहारीलाल, महिला कांस्टेबल चंचल शर्मा व महिला कांस्टेबल शीतल देवी।