आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान: बीएल वर्मा बोले, दीपावली पर दिखेगा स्वदेशी का रंग।

बदायूं। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को लेकर भाजपा कार्यालय बदायूं पर केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा देश भर में चलाए जा रहे आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत अटल जयंती तक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाई जाएगी। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में दीपावली पर स्वदेशी उत्पाद खरीदने और दुकानदारों को स्वदेशी उत्पाद बेचने के लिए प्रोत्साहित करेगी। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के सपने को पूरा करने की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अभियान का उद्देश्य हर भारतीय को सक्षम और स्वावलंबी बनाना है। अभियान के दौरान स्वदेशी उत्पाद खरीदने और दुकानदारों को स्वदेशी उत्पाद बेचने के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाया जा रहा आत्मनिर्भर भारत अभियान सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह एक जनांदोलन है। इसका उद्देश्य हर भारतीय को सक्षम बनाना है, ताकि वह स्वावलंबी बने और देश के विकास में भागीदारी निभाए उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता का पहला कदम है, स्थानीय को प्राथमिकता देना। दीपावली के समय आम व्यक्ति स्वदेशी उत्पाद खरीदे और दुकानदार स्वदेशी ही उत्पाद बेचें, इसके लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नवाचार, स्टार्टअप्स और डिजिटल मंच के जरिए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही ‘वोकल फॉर लोकल’ को अपनाने और स्थानीय उत्पादों व सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने का आह्वान करता हूँ।
लोकल फॉर वोकल को देश भर में तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। भारत में आज चिप से लेकर शिप तक बन रहे हैं। लखपति दीदी योजना के माध्यम से एक करोड़ से अधिक बहनें लखपति दीदी बन चुकी है। स्वयं सहायता समूह लोकल फॉर वोकल अभियान में मील का पत्थर साबित होगी। आत्मनिर्भर भारत अभियान का सार – आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान केवल एक नीति नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय भावना है। यह अभियान देशवासियों को संदेश देता है कि “एक विदेशी उत्पाद छोड़िए, एक स्वदेशी विकल्प अपनाइए- यही सच्चा राष्ट्र प्रेम है”। हर घर स्वदेशी- हर मन आत्मनिर्भर। वोकल फॉर लोकल- लोकल से ग्लोबल। अटल बिहारी वाजपेयी जयंती तक चलेगा विशेष अभियान- भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि आत्मनिर्भर अभियान के तहत पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर तक प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसके तहत व्यापारी सम्मेलन, उद्योग सम्मेलन, कॉलेज स्तरीय स्वदेशी संकल्प सेमिनार, स्वदेशी मेला, नुक्कड़ नाटक, महिला एवं युवा सम्मेलन, हस्ताक्षर अभियान, आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ और पदयात्रा, कॉलेज में स्वदेशी चित्रकला, कविता, भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने पत्रकारों का धन्यवाद व आभार जताया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री व सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी आशीष शाक्य, अनुभव उपाध्याय उपस्थित रहे।