शादी के अगले दिन 70 वर्षीय बुजुर्ग दूल्हे की मौत, गांव में चर्चा का विषय बनी घटना
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुछमुछ गांव में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहाँ 70 वर्षीय बुजुर्ग सगरू राम ने 35 वर्षीय तीन बच्चों की मां मनभावती से शादी रचाई। लेकिन शादी के दूसरे ही दिन उनकी मौत हो गई।
ब्रेन स्ट्रोक से हुई मौत
जानकारी के अनुसार, सगरू राम की मौत सीवीए (कार्डियो वैस्कुलर एक्सीडेंट) यानी ब्रेन स्ट्रोक से हुई। डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि की है।
पत्नी की मौत के बाद की थी दूसरी शादी
सगरू राम की पहली पत्नी का निधन करीब एक साल पहले हो गया था। उनके कोई संतान नहीं थी। भतीजा रवि दिल्ली में रहता है। परिवार और करीबियों की सलाह पर उन्होंने दूसरी शादी का फैसला लिया।
मनभावती के पति की सात साल पहले ब्रेन हैमरेज से मौत हो चुकी थी। उसके दो बेटियां और एक बेटा है।
सुहागरात बनी आखिरी रात
सोमवार को मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से सगरू राम और मनभावती की शादी हुई थी। बताया जा रहा है कि रात में पत्नी अपनी बेटी को लेकर अंदर सोने चली गई, जबकि सगरू राम बाहर दो बेटों के साथ सो रहे थे। भोर में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और गर्दन टेढ़ी हो गई। पड़ोसी उन्हें अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शादी का वीडियो वायरल
गांव में इस घटना की चर्चा जोरों पर है। इसी बीच बुजुर्ग दूल्हे और तीन बच्चों की मां की शादी का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों मंदिर में हंसी-खुशी शादी की रस्में निभाते नजर आ रहे हैं। जयमाल डालने के बाद सगरू राम ताली बजाते दिखते हैं। पत्नी की मांग में सिंदूर भरने और पैर छूने का दृश्य भी वीडियो में कैद है।
पुलिस और पोस्टमार्टम
बुजुर्ग की अचानक मौत पर भतीजे रवि ने थाने में तहरीर दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बुधवार को परिवार ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया।













































































