उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत नाजुक रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जाना हाल
लखनऊ। लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों ने बताया कि वह खुद से ऑक्सीजन नहीं ले पा रहे हैं, जिसकी वजह से उनके फेफड़ों और खून में पर्याप्त ऑक्सीजन की आपूर्ति नहीं हो पा रही है. फेफड़े, दिल, गुर्दा, लिवर की पर दबाव बढ़ गया है. इसका असर दिमाग पर भी पड़ रहा है. इसलिए उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है.
मंगलवार की रात डॉक्टरों ने कल्याण सिंह के गले में ट्यूब डालकर फेफड़ों तक ऑक्सीजन पहुंचाना शुरू किया. इसे चिकित्सा की भाषा में इंट्यूबेट (मैकेनिकल वेंटिलेशन) कहते हैं. इस बीच केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को एसजीपीजीआई पहुंचकर कल्याण सिंह का हाल-चाल जाना. इससे पहले जब कल्याण सिंह राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती थे तब भी रक्षामंत्री राजनाथ सिंह उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे
एसजीपीजीआई-एमएस के निदेशक डॉ. आरके धीमन ने बताया कि क्रिटिकल केयर मेडिसिन (सीसीएम) के आईसीयू में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के उपचार में लगी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने बुधवार सुबह उनकी सेहत का जायजा लिया. उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. कोई खास सुधार नही हो रहा है. शरीर में संक्रमण अभी भी बना हुआ है. दिल, गुर्दा, डायबिटीज, न्यूरो, यूरो, गैस्ट्रो व क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग समेत 12 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी में लगी हुई है.
बीते 1 महीने से अस्पताल में भर्ती हैं कल्याण सिंह
आपको बता दें कि बीते 21 जून को हाई ब्लडप्रेशर और अनियंत्रित शुगर लेवल की शिकायत के बाद कल्याण सिंह को लखनऊ के राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था. यहां 4 जुलाई को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद उन्हें एसजीपीजीआई-एमएस शिफ्ट किया गया. बीते 1 महीने से वह अस्पताल में हैं. उन्हें देखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 4 बार अस्पताल आ चुके हैं. इसके अलावा भाजपा के कई राष्ट्रीय और राज्य स्तर के नेताओं ने पीजीआई पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री का हालचाल जाना है.













































































