बदायूं। किंडर जॉय प्री स्कूल में आज दुर्गा अष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर, स्कूल को रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया था, जिसने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया था। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की कोऑर्डिनेटर आयुषी शांखधार द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। उन्होंने बच्चों को नवरात्री के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया और बताया कि यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इसके बाद, बच्चों को दशहरे के महत्व से अवगत कराने के लिए प्रतीकात्मक रावण दहन का आयोजन किया गया, जिसने उन्हें सच्चाई की जीत का संदेश दिया। इस महोत्सव में नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा एक मनमोहक झाँकी भी प्रस्तुत की गई, जिसमें राम-सीता के मिलन का दृश्य दर्शाया गया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत डांडिया नृत्य था, जिसमें सभी बच्चो ने बड़े उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराना था।