बदायूं। उर्वशी पैराडाइज कॉन्वेंट स्कूल में नवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की Coordinator द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। दीपक की ज्योति ने पूरे वातावरण को मंगलमय बना दिया और बच्चों में ऊर्जा व उत्साह का संचार हुआ। इस अवसर पर प्लेग्रुप, एल.के.जी. एवं यू.के.जी. के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में सजे-धजे होकर माता रानी के भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। मंच पर बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और चारों ओर तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डांडिया नृत्य रहा, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने ताल से ताल मिलाकर डांडिया खेला। उनकी नन्हीं-नन्हीं किलकारियों और लयबद्ध कदमों ने माहौल को पूरी तरह से भक्तिमय एवं आनंदमय बना दिया। विशेष प्रस्तुति में विद्यालय के बच्चों ने नौ देवियों का रूप धारण किया। इन नन्हें-मुन्नों ने माँ दुर्गा के सभी नौ स्वरूपों – शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्माण्डा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री – का अभिनय किया। मंच पर उनकी मनमोहक झांकी ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। साथ ही, बच्चों को नौ देवियों के महत्व एवं उनके विशेष स्वरूपों के बारे में बताया गया, जिससे उन्हें भारतीय संस्कृति और परंपरा की गहराई से परिचित कराया गया। पूरे विद्यालय परिसर में माता रानी के जयकारों के साथ धार्मिक वातावरण छाया रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों और उपस्थित अभिभावकों को प्रसाद वितरण किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल बच्चों में सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करते हैं बल्कि भारतीय परंपराओं से जुड़ाव भी कराते हैं।