ईद व कावड़ यात्रा के मद्देनजर कोतवाली में हुई शांति समिति की बैठक
सहसवान। ईदुल अज़हा और कांवड़ यात्रा को मद्देनजर रखते हुए कोतवाली में एसडीएम ज्योति शर्मा की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित कर लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की गई। एसडीएम ज्योति शर्मा, सीओ प्रेम कुमार थापा, कोतवाल पंकज लवानिया ने लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार संपन्न कराने के साथ-साथ कोरोना वायरस को दृष्टिगत रखते हुए कोरोना गाइडलाइन को पालन करने की अपील की। कोरोना के बढ़ते प्रकोप के चलते कांवड़ यात्रा पर भी शासन की ओर से रोक लगा दी गयी है। एसडीएम ने कहा ईद के मौके पर छिपे हुए स्थान पर कुर्बानी करें व नालियों में खून को न बहने दें ताकि किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचे। ईद की नमाज़ सामूहिक रूप से अदा न कर अपने अपने घरों में अदा कर शांति सद्भाव का संदेश दें। नगर पालिका को निर्देशित करते हुए कहा ईद के दिन मस्जिद, ईदगाह पर साफ सफाई रखने में योगदान दें। सीओ प्रेम कुमार थापा ने कहा अगर कोई भी असामाजिक तत्व शांति भंग करने की कोशिश करता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। ईद का त्योहार आपसी भाईचारे का त्यौहार है। कोतवाल पंकज लवानिया ने कहा कोरोना गाइड लाइन का पालन कर खुले स्थानों में कुर्वानी न करें। सोशल मीडिया पर कोई भी कुर्वानी से संबंधित सामग्री पोस्ट न करें। कुर्वानी के दौरान जानवर के अवशेष नगर से दूर गड्ढे में दफना दें।मौलाना कारी खलिकुरहमान ने भी लोगों से नियमो का पालन करने की अपील की इस मौके पर आदर्श सक्सेना, अबडर शर्मा, सौरभ माहेश्वरी, पीयूष माहेश्वरी, जयंत शर्मा, सलमान हैदर, फरीद अहमद, जुल्फिकार, शाकिर अंसारी, अकरम अली, अनवर अली आदि मौजूद रहे।