बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे हिस्ट्रीशीटर सत्यापन अभियान के तहत थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने रविवार की देर रात थाना क्षेत्र के कुख्यात दुराचारी हिस्ट्रीशीटर 76/ए इन्द्रपाल पुत्र रामवीर निवासी ग्राम डगरौली को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम उनि हेमन्त कुमार, हेका बलवीर सिंह व का सत्यवान गश्त पर निकली थी। इस दौरान फतेहगंज पूर्वी–दातागंज मार्ग से ग्राम उधरनपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर झाड़ियों में छिपने लगा। घेराबंदी कर पकड़े जाने पर उसकी तलाशी से 315 बोर का एक तमंचा व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी की पहचान ग्राम डगरौली निवासी इन्द्रपाल के रूप में हुई। अभियुक्त इन्द्रपाल ने बताया कि वह जन्म से ग्राम डगरौली का ही निवासी है। वर्ष 2009 में हत्या के मुकदमे में जेल गया था और उम्रकैद की सजा काटकर पिछले वर्ष जेल से बाहर आया है। वर्तमान में मजदूरी कर जीवन यापन करता है। उसने बताया कि अपनी सुरक्षा के लिए उसने यह तमंचा किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था।