बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने अवैध शराब बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से शराब बनाने के उपकरण, 87 लीटर कच्ची शराब व 350 लीटर लहन बरामद कर लहन को नष्ट कर दिया। साथ ही शराब ढोने में इस्तेमाल टैम्पो (UP 25 HT 3073) को सीज कर दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में विद्या पत्नी माधव सिंह निवासी कंचनपुर, राजो पत्नी स्व. रामसिंह निवासी कंचनपुर और इन्तयाज पुत्र ख्वाजा अहमद निवासी सागलपुर शामिल हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, विद्या और राजो अपने-अपने घरों में भट्टी लगाकर शराब बनाती थीं, जबकि इन्तयाज टैम्पो से शराब की सप्लाई करता था। पूछताछ में अभियुक्तों ने पुलिस से चोरी-छिपे कच्ची शराब बनाने व बेचने की बात कबूल की। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रवीन सोलंकी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र कुमार, टिंकू कुमार, गौरव चौधरी सहित महिला कांस्टेबल नीतू व विधि समेत पुलिस टीम सक्रिय रही।