बरेली। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पूरे क्षत्रिय समाज के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करने और काटने की धमकी देने वाले युवक आदित्य उपाध्याय के खिलाफ करणी सेना ने प्रदर्शन कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शुक्रवार को करणी सेना के जिलाध्यक्ष ठाकुर कौशल सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी आदित्य उपाध्याय निवासी ग्राम लालपुर थाना विथरी चैनपुर, हाल निवासी सांवरिया लॉन, इज्जतनगर का रहने वाला है। उसका पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। हाल ही में उसका पीलीभीत बाईपास पर फायरिंग करते हुए वीडियो भी वायरल हुआ था। उस समय भी कार्रवाई हुई थी, लेकिन आरोपी बाज नहीं आ रहा। ज्ञापन में कहा गया है कि अब आरोपी ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री और पूरे क्षत्रिय समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर समाज में उन्माद फैलाने का काम किया है। इससे समाज में गहरा आक्रोश है। करणी सेना ने मांग की है कि मामले की गहन जांच कर आरोपी पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए।