उझानी।।हरबिलास गोयल इंटरनेशनल स्कूल में हिन्दी दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं साहित्यिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों हेतु रचनात्मक और भाषिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों में हिन्दी भाषा के प्रति सम्मान, सृजनशीलता तथा अभिव्यक्ति क्षमता को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रमों में कक्षा 1-2 के नन्हें प्रतिभागियों के लिए सुलेख प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिससे उनमें सुंदर लेखन की आदत और भाषा के प्रति अनुराग विकसित हुआ। कक्षा 3-4 के विद्यार्थियों ने ‘शब्दों का जाल’ प्रतियोगिता में शब्दों की चपलता और अपनी भाषाई दक्षता का परिचय दिया। कक्षा 5-6 में विद्यार्थियों ने अंग्रेज़ी पाठ्यपुस्तक से किसी पाठ अथवा पात्र का हिंदी रूपांतरण एवं वर्णन प्रस्तुत कर भाषाई अनुवाद क्षमता को नए आयाम दिए। इसी क्रम में कक्षा 7-8 के छात्रों ने शब्दों से कविता लेखन प्रतियोगिता में अपने भावों को काव्यात्मक स्वर देकर हिंदी की सृजनात्मक शक्ति का परिचय दिया। कक्षा 9-10 के विद्यार्थियों ने हिन्दी एवं मातृभाषा विषय पर स्लोगन लेखन के माध्यम से भाषा के महत्व और उसकी संस्कृति से जुड़ाव का संदेश दिया। विद्यालय परिवार ने इन सभी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में हिन्दी भाषा के प्रति सृजनात्मक दृष्टि और अभिव्यक्ति की क्षमता का विकास करने का प्रयास किया।