इटावा। लखना रेंज के लवेदी के नवादा बहादुरपुर क्षेत्र में गुरुवार दोपहर प्रतिबंधित लकड़ी कटने की सूचना वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान वन माफियाओं ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। इसमें डिप्टी रेंजर घायल हो गए। वन कर्मी घायल डिप्टी रेंजर को अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां गंभीर हालत होने पर उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। लखना रेंजर प्रदीप कुमार ने बताया कि डिप्टी रेंजर भानु प्रताप यादव टीम के अन्य सदस्यों के साथ गुरुवार दोपहर एक बजे नवादा बहादुरपुर में भ्रमण पर थे। इस दौरान उन्हें प्रतिबंधित निजी लकड़ी के कटने की सूचना मिली। डिप्टी रेंजर भानु प्रताप यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां वन माफियाओं से प्रतिबंधित लकड़ी को बिना अनुमति के काटने से मना किया। इस पर उन लोगों ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। इसमें डिप्टी रेंजर भानु प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य कर्मी जान बचाकर भागे। ग्रामीणों के आने पर आरोपी भाग गए।वन विभाग के कर्मचारियों ने इसकी सूचना लखना रेंज को दी। वन कर्मियों ने घायल डिप्टी रेंजर को अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने गंभीर हालत होने पर उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। रेंजर प्रदीप कुमार ने बताया इस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध लवेदी थाना में प्रार्थना पत्र दिया गया है। साथ ही उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनके निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।