बरेली। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा बरेली द्वारा बसंत पंचमी पर्व के अवसर पर भगवान परशुराम धाम में ज्ञान की देवी मां सरस्वती का सामूहिक पूजन एवं सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना का भव्य आयोजन किया गया। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी माघ माह शुक्ल पक्ष पंचमी तिथि को बसंतोत्सव का स्वागत करते हुए मां सरस्वती के प्राकट्योत्सव को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल मां सरस्वती की प्रतिमा की स्थापना के साथ हुआ। पंडित लवी नारायण शर्मा एवं रामोतकर्ष शर्मा ने मंत्रोच्चारण के साथ देवी का आवाहन व विधिवत पूजन संपन्न कराया। पूजन के उपरांत भोग अर्पित किया गया। इस अवसर पर पंडित लवी नारायण शर्मा ने मां सरस्वती के प्राकट्य की कथा सुनाते हुए कहा कि सृष्टि के निर्माण के समय जब वाणी और स्वर का अभाव महसूस हुआ, तब भगवान ने ज्ञान और स्वर की देवी मां सरस्वती का आवाहन किया, जिससे मानव जीवन में आनंद, रंग और चेतना का संचार हुआ। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पी.के. मिश्रा, भगवान परशुराम सेवा ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष सुरेंद्र पांडेय, अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष त्रिभुवन शर्मा, जिलाध्यक्ष गजेंद्र पांडेय, महानगर अध्यक्ष कौशल सारस्वत, महामंत्री महेश पाठक, प्रदेश कोषाध्यक्ष गायत्री शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूजन के उपरांत भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजनों ने सहभागिता की।